एनएसजी मंजूरी : कांग्रेस व सहयोगी दलों ने किया स्वागत
नई दिल्ली, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) द्वारा भारत के साथ परमाणु व्यापार करने संबंधी अमेरिकी मसौदे को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिए जाने का कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने स्वागत किया है।
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा, "यह भारत और भारतीय कूटनीति के लिए बहुत बड़ी जीत है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी को इसका श्रेय जाता है। इससे ऊर्जा की मांग और कमी के अंतर को पूरा किया जा सकेगा। एनएसजी के 45 सदस्यी देशों ने स्वीकार किया है कि परमाणु संपन्न भारत अप्रसार को लेकर गंभीर है।"
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा, "यह देश के लिए ऐतिहासिक घड़ी है। एनएसजी में मिली सफलता कांग्रेस और संप्रग से कहीं आगे की बात है और देश के विकास से जुड़ा है। आज का दिन भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाने वाले है।"
समाजवादी पार्टी के महासचिव अमर सिंह ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी को तहेदिल से बधाई देता हूं। मैं बेहद खुशी का अनुभव कर रहा हूं।"
उन्होंने कहा, "पिछले कुछ दिनों से सभी राजनीतिक दल मेरी पार्टी और मुझे निशाना बना रहे थे। लेकिन सरकार को एनएसजी में सफलता मिली है, उससे यह साफ हो गया है कि मेरी पार्टी ने जो कदम उठाया था वह सही था। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव प्रकाश करात, भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी और उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती के मुंह पर यह एक तमाचा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।