एनएसजी मंजूरी : अमेरिकी राजदूत ने कहा, भारत के लिए विजय दिवस
नई दिल्ली, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में भारत के साथ परमाणु व्यापार की मिली छूट को अमेरिकी राजदूत डेविड मलफोर्ड ने ऐतिहासिक करार देते हुए भारत के लिए विजय दिवस बताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि परमाणु करार अंतिम मंजूरी के लिए अमेरिकी कांग्रेस में पेश किए जाने के लिए तैयार है।
मलफोर्ड ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, "यह भारत के लिए विजय दिवस है। विएना में एनएसजी की मंजूरी दोनों देशों के बीच परमाणु सहयोग बढ़ाने और भारत को इस क्षेत्र की मुख्यधारा में लाने के लिए किए गए प्रयासों का नतीजा है।"
अमेरिकी राजदूत ने इस 'ऐतिहासिक समझौते' पर भारत सरकार और जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनएसजी की मंजूरी से वैश्विक परमाणु अप्रसार को मजबूती मिलेगी और भारत की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा।
उन्होंने आश्वस्त किया, "हम करार पर अंतिम मुहर लगाने के लिए अमेरिकी कांग्रेस में जाएंगे।" सोमवार से शुरू हो रही कांग्रेस की बैठक में करार पर मुहर लगाए जाने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।