मनमोहन ने बुश को शुक्रिया कहा
नई दिल्ली, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) द्वारा भारत के साथ परमाणु व्यापार करने संबंधी अमेरिकी मसौदे को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिए लिए जाने के चंद मिनटों के अंदर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश से फोन पर बातचीत कर उनका शुक्रिया अदा किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि परमाणु प्रतिबंधों से भारत को मुक्त कराने में अमेरिकी राष्ट्रपति की महत्वपूर्ण भूमिका के मद्देनजर प्रधानमंत्री ने बुश को शुक्रिया कहा।
बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने विश्वास जताया कि भारत और अमेरिका के परस्पर संबंध, दोनों देशों की जनता के हित में है। इससे दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूती मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि एनएसजी ने शनिवार को भारत के साथ परमाणु व्यापार करने संबंधी अमेरिकी मसौदे को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही करीब तीन दशक से जारी भारत का परमाणु वनवास खत्म हो गया।
भारत के साथ परमाणु व्यापार की छूट देने संबंधी अमेरिकी मसौदे को एनएसजी में तीन दिनों तक चले गहन राजनयिक प्रयासों के बाद मंजूरी मिली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*