एनएसजी का निर्णय दूरदर्शी और महत्वपूर्ण : प्रधानमंत्री
नई दिल्ली, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत का परमाणु वनवास खत्म करने संबंधी अमेरिकी मसौदे को परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) द्वारा मंजूर कर लिए जाने के फैसले को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दूरदर्शी और महत्वपूर्ण बताया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में उन्होंने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे भारत का तीन दशक से जारी परमाणु अलगाव खत्म हो गया है। एनएसजी का यह फैसला भारत की परमाणु अप्रसार के प्रति प्रतिबद्धता और उच्च परमाणु तकनीक रखने वाले देश के रूप में उसकी स्वीकार्यता को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा पैदा करने की भारत की कोशिशों को गति मिलेगी। उन्होंने इस ऐतिहासिक फैसले के लिए अमेरिका और एनएसजी के सदस्य देशों को धन्यवाद देते हुए कहा कि भारत और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के बीच नागरिक परमाणु सहयोग के खुले इस रास्ते से देश और विश्व समुदाय को फायदा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन के खतरों से निपटने के लिए जरूरी परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में भारत मित्र देशों के साथ आपसी साझेदारी की संभावना देख रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*