प्रियंका ने शिमला में किया गृह निर्माण कार्य का निरीक्षण
शिमला, 4 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुत्री प्रियंका वाड्रा ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में अपने नाम खरीदी गई जमीन और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
शिमला, 4 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुत्री प्रियंका वाड्रा ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में अपने नाम खरीदी गई जमीन और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
प्रियंका बुधवार को अकेले शिमला पहुंचीं जहां उन्होंने द रिट्रीट के नजदीक छाराब्रा में स्थित अपने प्लाट का निरीक्षण किया।
वह आज सुबह चंडीगढ़ के लिए रवाना हुईं जहां से वह दिल्ली लौट जाएंगी।
पिछले कुछ महीनों में प्रियंका अपने परिवार के साथ कई बार शिमला का दौरा कर चुकी हैं। उन्होंने यहां कल्याणी हैलीपेड के पास 46 लाख रुपये में जमीन खरीदी है।
उधर प्रियंका वाड्रा को शिमला में जमीन आवंटित किए जाने के मामले पर गुरुवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ।
प्रश्नकाल के दौरान निर्दलीय विधायक राकेश पठानिया ने राज्य सरकार से अप्रैल 2004 से दिसम्बर 2007 के बीच गैर हिमाचली लोगों को जमीन खरीदने की दी गई अनुमति का ब्यौरा मांगा। इसके जवाब में लोक निर्माण मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह ने कहा कि इस अवधि के दौरान कुल 1479 लोगों को जमीन खरीदने की अनुमति दी गई।
इस पर पठानिया ने कहा कि राज्य से बाहर के दो व्यक्तिओं ने यहां जमीन खरीदी है। एक यहां के जाखू हिल्स और दूसरा राष्ट्रपति निवास से सटे छाराब्रा में खरीदी गई है।
पठानिया का यह कहना भर था कि कांग्रेस नेता उत्तेजित हो गए और हंगामा करने लगे। हंगामे के बीच कांग्रेस विधायकों में किसी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी तो यहां जमीन खरीदी है।
गुलाब सिंह ने कहा कि वाड्रा को सरकारी नियमों के हिसाब से चार बीघा और पांच बिश्वास जमीन खरीदने की अनुमति दी गई है।
मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल ने कहा कि देश की जानी मानी हस्तियां यदि हमारे राज्य में जमीन खरीदती हैं तो यह हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में वाजपेयी का कोई घर नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।