सिंगुर विवाद के समाधान के लिए शुक्रवार को होगी वार्ता
कोलकाता, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। सिंगुर विवाद के समाधान के लिए सत्ताधारी वाम मोर्चा सरकार और विपक्षी तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली कृषिजमी जीबन जीबिका रक्षा समिति (केजेआरसी) के बीच शुक्रवार को वार्ता होगी। इस विवाद में मध्यस्थता राज्यपाल गोपाल कृष्ण गांधी कर रहे हैं।
सिंगुर में टाटा मोटर्स की नैनो कार परियोजना के लिए अधिग्रहीत की गई अतिरिक्त 400 एकड़ जमीन को लेकर राज्य सरकार और तृणमूल कांग्रेस के बीच विवाद चल रहा है। केजेआरसी अतिरिक्त जमीन को किसानों को लौटाने की मांग कर रही है।
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पार्थ चट्टोपध्याय ने आईएएनएस से कहा, "वार्ता की तारीख तय की चुकी है। यह शुक्रवार को होगी।"
विवाद के समाधान की दिशा में यह प्रगति टाटा मोटर्स के पश्चिम बंगाल से बाहर जाने के लिए तैयार होने संबंधी संकेत देने और सिंगुर स्थित नैनो कार कारखाने में काम स्थगित किए जाने के बाद हुई है।
बैठक शुक्रवार सुबह 10 बजे राजभवन में होने की संभावना है।
शुरुआती आनाकानी के बावजूद सत्ताधारी गठबंधन और तृणमूल कांग्रेस गांधी के प्रस्ताव पर राजी हो गए और उनसे विवाद के समाधान के लिए मध्यस्थता की भूमिका निभाने का अनुरोध किया।
इससे पहले राज्यपाल ने दोनों पक्षों से अपील की थी कि उन्हें विवाद के समाधान के लिए राजनीतिक और औद्योगिक जगत से बाहर के किसी व्यक्ति की मध्यस्थ के रूप में सहायता लेनी चाहिए।
चट्टोपध्याय ने पिछले दो दिनों के भीतर राजभवन में गांधी से कई बार मुलाकातें की हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*