बिहार बाढ़ : पीड़ितों की मदद को आगे आए भोजपुरी अभिनेता
पटना, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार में बाढ़ प्रभावितों की हालत से आहत भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता अब उनकी मदद की तैयारियों में जुटे हैं और प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए मुंबई से पटना आए हैं।
प्रभावित क्षेत्रों का दौरा प्रारंभ करने से पहले बुधवार को भोजपुरी फिल्म के सुपरस्टार मनोज तिवारी ने आईएएनएस को बताया, "बिहार में बाढ़ से हुई तबाही से पूरा भेाजपुरी फिल्म उद्योग चिंतित है। मैं अगले दो दिनों तक प्रभावित क्षेत्रों में जाऊंगा और बाढ़ पीड़ितों की हर संभव सहायता करने की कोशिश करुं गा।" उन्होंने बताया कि वे गत रविवार फारबिसगंज में लगे सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक राहत शिविर में दवाइयां भेज चुके हैं।
तिवारी ने बताया कि मुंबई में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति को लेकर गत सोमवार को भोजपुरी फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों की बैठक हुई थी, जिसमें बाढ़ पीड़ितों की हर संभव सहायता करने का निर्णय लिया गया। प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद इस बात पर विचार किया जाएगा कि किस प्रकार बाढ़ पीड़ितों को अधिक से अधिक मदद पहुंचाई जा सकती है।
उन्होंने कहा, " फिलहाल मैं मुंबई से दो लाख रुपये लेकर यहां आया हूं। ये रुपये बाढ़ पीड़ितों के बीच बांटे जाएंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*