बिहार बाढ़ : बिहार सरकार ने एनजीओ से किया मदद का आग्रह
मुंबई, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार सरकार ने 'एसओएस चिल्ड्रेंस विलेज ऑफ इंडिया' (एसओएस-इंडिया) नामक स्वयंसेवी संगठन (एनजीओ) से आग्रह किया है कि वह राज्य के बाढ़ग्रस्त इलाकों में राहत कार्यो में उसके साथ मिलकर काम करे।
संगठन के एक अधिकारी ने बताया कि एसओएस-इंडिया पुर्णिया जिले में स्थित अपने राहत केंद्र से 1,600 परिवारों और 3,000 बच्चों के लिए राहत उपलब्ध करा रहा है।
एसओएस-इंडिया के अध्यक्ष एस. शांडिल्य ने कहा, "ऐसी आपदाओं से निपटने में हमारी विशेषज्ञता को देखते हुए बिहार सरकार ने हमसे मदद का अनुरोध किया है।"
पूर्णिया स्थित संगठन का राहत केंद्र पीड़ितों को खाने के पैकेट, बच्चों का खाना, पीने का पानी, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।
उल्लेखनीय है कि अभी उत्तरी बिहार के करीब 15 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। सुपौल, अररिया, मधेपुरा, सहरसा और पुर्णिया जिले बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य के करीब 25 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।