बिहार बाढ़ : आडवाणी ने कहा, बिहार सरकार के लिए चुनौती भरा समय
बाढ़ प्रभावित इलाकों का सर्वेक्षण कर पटना लौटे आडवाणी ने पत्रकारों से कहा कि कोसी नदी में आई बाढ़ बिहार सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती है। हालांकि उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने अभी तक इस चुनौती का अच्छे ढंग से सामना किया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना सरकार की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिहार में आई प्रलंयकारी बाढ़ के संबंध में बुधवार को वे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलेंगे तथा उन्हें बाढ़ की वर्तमान स्थिति से अवगत कराएंगे। पूर्व उपप्रधानमंत्री ने कहा कि कोसी के तटबंध की समस्या के लिए केंद्र सरकार को नेपाल सरकार से बात करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 1964 में भारत और नेपाल सरकार के बीच हुए समझौते पर फिर से बातचीत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेजी से चल रहा है। जल्द ही स्थिति नियंत्रित कर ली जाएगी।
बाढ़ प्रभावित इलाकों के सर्वेक्षण के समय आडवाणी के साथ जनता दल-यूनाइटेड के अध्यक्ष शरद यादव, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद समेत राज्य भाजपा के अन्य नेता मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*