एनएसजी में भारत के 'विरोधियों' पर दबाव
विएना, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत के साथ परमाणु व्यापार की छूट देने को लेकर 45 सदस्यीय परमाणु आपूर्ति समूह (एनएसजी) की इस महीने की चार व पांच तारीख को होने वाली बैठक से पूर्व समूह के भारत 'विरोधी' छह सदस्यों ने कहा है कि वे दबाव में हैं।
विएना, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत के साथ परमाणु व्यापार की छूट देने को लेकर 45 सदस्यीय परमाणु आपूर्ति समूह (एनएसजी) की इस महीने की चार व पांच तारीख को होने वाली बैठक से पूर्व समूह के भारत 'विरोधी' छह सदस्यों ने कहा है कि वे दबाव में हैं।
'विरोधी' देशों के एक राजनयिक ने आईएएनएस से कहा, "चार व पांच सितंबर को होने वाली बैठक में एक स्वीकार्य समझौते पर सहमत होने के लिए हम दबाव में हैं।" एनएसजी के छह देश भारत को परमाणु व्यापार की छूट देने का विरोध कर रहे हैं।
भारत के साथ परमाणु व्यापार पर लगी रोक को हटाने के लिए गुरुवार को एनएसजी की होने वाली महत्वपूर्ण बैठक से पूर्व भारतीय और अमेरिकी राजनयिक संयुक्त रूप से एनएसजी के सदस्यों से बातचीत की योजना बना रहे हैं।
संभवत: दोनों देशों के राजनयिक एनएसजी में विरोधियों को परमाणु अप्रसार के प्रति भारत की प्रतिबद्धता और उसकी ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए प्रतिबंध हटाने की वकालत करेंगे। वे विरोधी देशों को यह समझाने की कोशिश करेंगे कि भारत को छूट देने से वैश्विक स्तर पर परमाणु अप्रसार को मजबूती मिलेगी।
एनएसजी के वर्तमान नियम भारत जैसे देशों, जिसने परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं, के साथ परमाणु व्यापार की अनुमति नहीं देता।
एनएसजी के छह सदस्य आस्ट्रिया, इरेलैंड, न्यूजीलैंड, नीदरलैंड, नार्वे और स्विटजरलैंड भारत को छूट देने का विरोध कर रहे हैं। उनका मानना है कि भारत को परमाणु व्यापार की छूट देने से अप्रसार की मुहिम कमजोर पड़ेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*