घाटी में फिर लगा कर्फ्यू (लीड-1)
श्रीनगर, 31 अगस्त (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में रविवार को जहां कई इलाकों में कर्फ्यू में ढील दी गई, वहीं कुछ इलाकों में प्रदर्शन फिर से शुरू हो जाने से एक बार फिर कर्फ्यू लगा दिया गया।
श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड को तीर्थ यात्रा के दौरान विवादित भूमि का उपयोग करने का विशेष अधिकार दिए जाने के विरोध में घाटी में प्रदर्शन हुए। महाराजगंज इलाके में कर्फ्यू में ढील दिए जाने के बाद ही प्रदर्शन शुरू हो गए, जिस कारण प्रशासन को फिर से कर्फ्यू लगाना पड़ा।
महाराजगंज में सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में एक व्यक्ति घायल भी हो गया। कुलगाम जिले में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए। उत्तरी कश्मीर के भी कई इलाकों में फिर से कर्फ्यू लगा दिया गया।
इससे पूर्व कानून और व्यवस्था की स्थिति में सुधार के मद्देनजर प्रशासन ने घाटी के विभिन्न इलाकों में रविवार सुबह से कर्फ्यू में चरणबद्ध तरीके से ढील दी थी।
पहले चरण में श्रीनगर में सुबह नौ बजे कर्फ्यू हटाया गया। बारामूला में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई। गौरतलब है कि यहां गुरुवार को सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुईं थी। पूरी घाटी में 24 अगस्त से कर्फ्यू लगाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*