बेंगलुरू के लोगों में बढ़ रही है आत्महत्या की प्रवृत्ति
बेंगलुरू, 30 अगस्त (आईएएनएस)। देश के प्रमुख प्रौद्योगिकी केंद्र बेंगलुरू के लोगों में आत्महत्या की प्रवृत्ति निरंतर बढ़ रही है। यहां प्रति माह 200 से अधिक लोग आत्महत्या कर लेते हैं, जिनमें 10 से 14 की कच्ची उम्र वाले बच्चे शामिल हैं।
बेंगलुरू, 30 अगस्त (आईएएनएस)। देश के प्रमुख प्रौद्योगिकी केंद्र बेंगलुरू के लोगों में आत्महत्या की प्रवृत्ति निरंतर बढ़ रही है। यहां प्रति माह 200 से अधिक लोग आत्महत्या कर लेते हैं, जिनमें 10 से 14 की कच्ची उम्र वाले बच्चे शामिल हैं।
पुलिस, सामाजिक कार्यकर्ताओं और चिकित्सकों के मुताबिक लोग तनाव, अकेलेपन और वित्तीय असुरक्षा के चलते ऐसा कदम उठाने पर मजबूर हो रहे हैं।
बेंगलुरू पुलिस के रिकार्ड के अनुसार वर्ष के पहले सात महीनों के दौरान शहर में 1,444 लोगों ने आत्महत्या की। इस तरह प्रति माह करीब 206 लोगों ने आत्महत्या की।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक हर एक लाख आत्महत्या करने वाले लोगों में से 17 बेंगलुरू में रहते हैं, जबकि दिल्ली, मुंबई और चेन्नई में यह आंकड़ा क्रमश: 10, 12 और 11 है।
शहर के एक वरिष्ठ मनोचिकित्सक एम.जे. थामस ने आईएएनएस को बताया, "ये आंकड़े एक खतरनाक रुझान की ओर इशारा करते हैं। यह शहर विरोधाभासों से भरा है। एक ओर तो यह तेजी से विकसित हो रहा है वहीं दूसरी ओर यहां के लोगों में आत्महत्या की प्रवृत्ति भी बढ़ती जा रही है।"
आत्महत्याएं रोकने के लिए फोन पर सलाह देने वाली 'सहाय टेली काउंसलिंग' की लता जैकब बताती हैं, "हमें फोन करने वालों में से अधिकांश लोग तनाव और अकेलेपन से जूझ रहे होते हैं। हम उन्हें अपने यहां आने के लिए प्रोत्साहित भी करते हैं। अब तक हम 3,600 लोगों को सलाह दे चुके हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे