पठान ने श्रीलंका को मुश्किल में डाला (लीड-2)
कोलंबो, 29 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के रनसिंघे प्रेमदासा स्टेडियम में शुक्रवार को भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे पांचवें एकदिवसीय क्रिकेट मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही श्रीलंका की टीम मुश्किल में नजर आई।
एक रन के कुल योग पर सलामी बल्लेबाज सनत जयसूर्या का विकेट गंवाने के बाद हालांकि सलामी बल्लेबाज मलिंदा वर्णपुरा और माहेला उदावत्ते ने दूसरे विकेट के लिए 77 रन जोड़कर श्रीलंकाई पारी को संभालने की भरपूर कोशिश की लेकिन पठान ने एक के बाद एक दो झटके देकर श्रीलंका को मुश्किल में डाल दिया।
पठान ने 78 रन के कुल योग पर वर्णपुरा को जहां गौतम गंभीर के हाथों कैच कराया वहीं 80 रन के कुल योग पर उन्होंने उदावत्ते को पगबधा आउट किया। वर्णपुरा ने अपनी 44 गेंदों की पारी में चार चौकों की मदद से 30 रन बनाए, जबकि उदावत्ते ने 55 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 43 रन बनाए।
श्रीलंकाई बल्लेबाज अभी विकेट पर टिकने के बारे में सोच ही रहे थे कि आर.पी.सिंह ने 82 रन के कुल योग पर एक और झटका देकर उसकी मुश्किल बढ़ा दी। आर.पी ने कुमार संगकारा को गंभीर के हाथों कैच कराया। संगकारा केवल एक रन बना सके।
खबर लिखे जाने तक श्रीलंका ने 18.4 ओवर में 82 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। एक समय उसने 16 ओवर में एक विकेट पर 63 रन बनाए थे। श्रीलंका के आखिरी तीन विकेट मात्र चार रनों के भीतर गिर गए। कप्तान माहेला जयवर्धने एक रन और सी.के. कापूगेदेरा बिना खाता खोले विकेट पर थे।
पठान अब तक 9 रन देकर दो विकेट झटक चुके हैं, जबकि एक-एक विकेट जहीर खान और आर.पी के खाते में गए हैं।
पांच मैचों की श्रंखला में भारतीय टीम 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है। श्रीलंका ने श्रंखला का पहला मैच जीता था, जबकि भारत ने आगे के तीन मैच जीतकर श्रंखला अपने नाम कर ली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications