'बिग बॉस' में बिगडै़लों का जमावड़ा : ईला अरुण
भोपाल, 29 अगस्त (आईएएनएस)। बॉलीवुड में लोक संगीत को नई पहचान देने वाली प्रसिद्ध गायिका ईला अरुण का कहना है कलर चैनल पर शुरू हुआ 'बिग बॉस' कार्यक्रम बिगडै़ल लोगों का जमावड़ा है। इसमें हिस्सा ले रहे लोग इस कार्यक्रम के जरिए अपनी छवि सुधारने का प्रयास कर रहे हैं।
ईला का मानना है कि टेलीविजन रेटिंग प्वाइंट (टीआरपी) ने कार्यक्रमों का मजा किरकिरा कर दिया है। टीआरपी के चक्कर में कार्यक्रम निर्माता किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।
एनडीटीवी इमेजिन पर चल रहे 'लक्स जुनून' के 'माटी के लाल' कार्यक्रम के प्रमोशन शो में हिस्सा लेने आई ईला अरुण झूठी टीआरपी के लिए रियालिटी शो में मची होड़ को उचित नहीं मानती हैं। वे उदाहरण देती हैं कि 'बिग बॉस' में कौन लोग हैं और उनकी छवि कैसी है, इसे हर कोई जानता है। इसके बावजूद यह कार्यक्रम टीआरपी में बाजी मार गया है।
'लक्स जुनून' के 'माटी के लाल' को कम टीआरपी मिलने का अफसोस भी उन्हें है। वे कहती हैं कि इस कार्यक्रम की प्रशंसा तो हर कोई कर रहा है, मगर एसएमएस की कमी से इसे ज्यादा टीआरपी नहीं मिल पा रही है।
लक्स जुनून का जिक्र करते हुए ईला अरुण कहती है कि यह ऐसा कार्यक्रम है जो संगीत की जननी मानी जाने वाली 'लोक संगीत' को आधार बनाकर तैयार किया गया है। वे इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों की कमी को खोजना सबसे बड़ी चुनौती मानती हैं।
लक्स जुनून के प्रमोशन शो के इस मौके पर ईला अरुण के साथ 'माटी के लाल' कार्यक्रम के प्रतिभागी भी मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications