लंदन ओलंपिक में भारत जीतेगा कई और पदक : बिंद्रा
भोपाल, 29 अगस्त (आईएएनएस)। बीजिंग ओलंपिक की निशानेबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले अभिनव बिंद्रा ने कहा है कि 2012 में लंदन में होने वाले ओलंपिक के अगले संस्करण में भारत को और अधिक पदक मिल सकते हैं।
शुक्रवार को एक सम्मान समारोह में शिरकत करने यहां पहुंचे बिंद्रा ने संवाददाताओं से कहा, "अब देश के लोग क्रिकेट के अलावा दूसरे खेलों में रुचि दिखाने लगे हैं। अगर यह जज्बा लंबे समय तक बरकरार रहा तो जाहिर तौर पर हम लंदन ओलंपिक में बीजिंग से भी बेहतर प्रदर्शन करने में सफल होंगे।"
बिंद्रा ने खेल संस्कृति को और अधिक विकसित करने तथा खिलाड़ियों के बीच राष्ट्रीयता की भावना के विकास पर बल दिया। बिंद्रा ने कहा, "पूरे देश में योजनाबद्ध तरीके से खेलों का विकास कर खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय सुविधाएं मुहैया कराई जानी चाहिए"।
बिंद्रा के मुताबिक आज चीन खेलों की दुनिया में महाशक्ति सिर्फ इसलिए बन सका है क्योंकि उसने इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से तैयारी की है। हालांकि बिंद्रा मानते हैं कि भारत में भी तेजी से खेलों का विकास हो रहा है, लेकिन इसकी रफ्तार उतनी नहीं है जितनी होनी चाहिए।
बिंद्रा के मुताबित देश में खेलों के विकास में खेल मंत्रालय की अहम भूमिका होती है, लिहाजा सर्वोच्च पदों पर बैठे लोगों को अपनी जिम्मेदारी के साथ पूरा न्याय करना चाहिए।
बकौल बिंद्रा, "मंत्रालय तथा खेल महासंघ इस दिशा में प्रयास कर सकते हैं। हालांकि पहले से काफी प्रयास हो रहे हैं, लेकिन इनमें तेजी लाए जाने की जरूरत है।"
इस अवसर पर बिंद्रा को राज्य सरकार की ओर से पांच लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस ।












Click it and Unblock the Notifications