भारत-आसियान व्यापार इस वर्ष 10 अरब डालर बढ़ेगा : कमलनाथ
नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन आसियान के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के एक दिन बाद शुक्रवार को उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कमलनाथ ने उम्मीद जताई है इस वर्ष भारत-आसियान कारोबार 10 अरब डालर बढ़ जाएगा।
उन्होंने आज कहा, "वर्ष 2007-08 में भारत ने आसियान के साथ 38.37 अरब डालर का कारोबार किया था। इस वर्ष इसके 48 अरब डालर तक पहुंच जाने की उम्मीद है।"
एफटीए के प्रावधानों के बारे में जानकारी देते हुए कमलनाथ ने कहा कि सभी पक्ष सीमा शुल्कों में कटौती करने पर सहमत हो गए हैं। एफटीए के तहत सीमा शुल्कों में 90 प्रतिशत तक कटौती की जाएगी। इसका फायदा भारत और आसियान देशों के बीच लगभग 96 प्रतिशत व्यापार को होगा।
कमलनाथ के मुताबिक सीमा शुल्कों में कटौती वर्ष 2009 से लागू होगी और वर्ष 2012 तक थोक व्यापार का उदारीकरण किया जाएगा।
गौरतलब है कि भारत और आसियान के 10 सदस्य देशों ने गुरुवार को मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया था। इसके तहत इन देशों के बीच व्यापारिक माल का मुक्त व्यापार होगा।
इस समझौते को इन देशों के बीच वर्ष 2016 तक मुक्त व्यापार क्षेत्र (एफटीए) के गठन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे भारत और आसियान देशों के बाजारों में क्षेत्रीय कंपनियों की पहुंच बढ़ेगी और पाम ऑयल, कच्चा तेल, चाय और काली मिर्च जैसी वस्तुओं के सीमा शुल्कों में कटौती की जाएगी।
गौरतलब है कि भारत और आसियान के बीच फिलहाल प्रति वर्ष 30 अरब डालर का व्यापार होता है। वर्ष 2010 तक इसे 50 अरब डालर तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications