नेपाली राहत शिविरों में भारतीयों की पहचान शुरू
सुदेशना सरकार
सुदेशना सरकार
काठमांडू, 29 अगस्त (आईएएनएस)। सप्तकोसी नदी में आई बाढ़ के कारण नेपाल के दक्षिणी हिस्से और बिहार में जारी तबाही से लाखों लोगों के बेघर होने के बीच, नेपाल ने अपनी सीमा के राहत शिविरों में शरण चाहने वाले भारतीयों को वापस भेजना शुरू कर दिया है।
नेपाल के सरकारी टेलीविजन ने शुक्रवार को कहा है कि संसुरी जिले में जहां बाढ़ राहत शिविर लगाए गए हैं, वहां के अधिकारियों ने नेपाली नागरिकों को पहचान पत्र देना शुरू कर दिया है।
नेपाली टेलीविजन के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ राहत शिविरों में रहने वाले 2007 भारतीय नागरिकों की पहचान की गई है। लेकिन टेलीविजन का कहना है कि स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वास्तव में करीब 10,000 भारतीय यहां हैं।
टेलीविजन ने बताया कि संसुरी जिले के अधिकारियों ने नेपाल में प्रवेश की कोशिश कर रहे करीब 500 भारतीय लोगों को वापस भेज दिया। इन लोगों का कहना था कि नेपाल के राहत शिविरों में अधिक बेहतर सुविधाएं हैं।
नेपाल गृह मंत्रालय के अनुसार करीब 107,000 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बिहार में बाढ़ का प्रभाव उसकी तुलना में काफी भयंकर है और बीसियों लाख लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है।
नेपाल में यह भय बढ़ रहा है कि भारतीय शरणार्थियों की बढ़ती संख्या उनके सीमित संसाधनों को समाप्त कर देगी।
नेपाल के वित्त मंत्री बाबूराम भट्टराई ने आपदा की गंभीरता के मद्देनजर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को सहायता करने के लिए कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications