मुश्किल में भारत, चोटी के 6 बल्लेबाज पवेलियन लौटे (लीड-7)
कोलंबो, 29 अगस्त (आईएएनएस)। प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे पांचवें व अंतिम एकदिवसीय मुकाबले में भारतीय पारी लड़खड़ा गई है। भारत के चोटी के छह बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। 20 ओवरों की समाप्ति के बाद भारत ने छह विकेट के नुकसान पर 88 रन बनाए हैं।
इरफान पठान और जहीर खान की जोड़ी मैदान पर संघर्ष कर रही है। कुलसेकरा ने नौ ओवरों में भारत के चार विकेट चटकाए।
इससे पहले, बारिश के कारण खेल रोक देना पड़ा था। खेल रोके जाने तक 228 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम ने 14.2 ओवर में 70 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे।
दोबारा जब मैच शुरू हुआ तो उस वक्त रोहित शर्मा और युवराज सिंह बल्लेबाजी कर रहे थे। रोहित शर्मा को 3 रन के निजी स्कोर पर कुलसेकरा की बाहर जा रही एक गेंद पर अंपायर ने एलबीडब्ल्यू करार दिया। उसके थोड़े ही देर बाद युवराज सिंह को एक बार फिर अजंता मेंडिस ने अपना शिकार बनाया। युवराज मेंडिस की गेंद को समझ नहीं पाए और क्लीन बोल्ड हो गए।
रोहित शर्मा के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान महेंन्द्र सिंह धोनी भी दिलहारा फर्नाडों की सीधी आती गेंद पर चकमा खा गए और 1 रन के निजी स्कोर पर चलते बने।
श्रीलंका को अपेक्षाकृत साधारण स्कोर पर समेटने के बाद भारत ने हालांकि अपने सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और विराट कोहली की बदौलत सधी हुई शुरुआत की। भारत ने एक समय 9 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 38 रन बना लिए थे, लेकिन इसी योग पर नुवान कुलसेकरा ने गंभीर के रूप में भारत को पहला झटका दिया।
गंभीर 16 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 11 रन बनाकर विकेट के पीछे संगकारा के हाथों लपके गए। अभी कुल योग में सात रन ही जुड़े थे कि कुलसेकरा ने अच्छी पारी खेल रहे कोहली को भी चलता किया। कुलसेकरा की गेंद पर पगबाधा आउट होने से पहले कोहली ने 46 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए।
कुल योग में अभी 25 रन जुड़े थे कि सुरेश रैना 10 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें भी कुलसेकरा ने अपना शिकार बनाया।
जेहान मुबारक और थिलन तुषारा की शानदार पारियों की बदौलत श्रीलंका ने भारत के सामने 228 रनों का लक्ष्य रखा। एक समय श्रीलंका ने 133 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे, लेकिन मुबारक के नाबाद 47 और तुषारा के नाबाद 54 रनों की बदौलत श्रीलंका अपेक्षाकृत सम्मानजनक स्कोर हासिल करने में सफल रहा।
निर्धारित 50 ओवर की समाप्ति पर श्रीलंका 6 विकेट पर 227 रन बनाने में सफल रहा। मुबारक ने अपनी 55 गेंदों की पारी में तीन चौके लगाए, जबकि 46 गेंदों पर छह चौके लगाने में सफल रहे।
श्रीलंका की ओर से सी.के. कापगेदेरा ने भी 26 रनों की उपयोगी पारी खेली। भारत की ओर से प्रज्ञान ओझा और इरफान पठान ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जहीर खान और आर.पी. सिंह के खाते में एक-एक विकेट गए।
श्रीलंका ने अपना पहला विकेट सलामी बल्लेबाज सनत जयसूर्या के रूप में एक रन के कुल योग पर गंवा दिया था। हालांकि इसके बाद सलामी बल्लेबाज मलिंदा वर्णपुरा और माहेला उदावत्ते ने दूसरे विकेट के लिए 77 रन जोड़कर श्रीलंकाई पारी को संभालने की भरपूर कोशिश की लेकिन पठान ने एक के बाद एक दो झटके देकर श्रीलंका को मुश्किल में डाल दिया।
पठान ने 78 रन के कुल योग पर वर्णपुरा को जहां गंभीर के हाथों कैच कराया वहीं 80 रन के कुल योग पर उन्होंने उदावत्ते को पगबधा आउट किया। वर्णपुरा ने अपनी 44 गेंदों की पारी में चार चौकों की मदद से 30 रन बनाए, जबकि उदावत्ते ने 55 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 43 रन बनाए।
श्रीलंकाई बल्लेबाज अभी विकेट पर टिकने के बारे में सोच ही रहे थे कि आर.पी.सिंह ने 82 रन के कुल योग पर एक और झटका देकर उसकी मुश्किल बढ़ा दी। आर.पी ने संगकारा को गंभीर के हाथों कैच कराया। संगकारा केवल एक रन बना सके।
पांच मैचों की श्रंखला में भारतीय टीम 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है। श्रीलंका ने श्रंखला का पहला मैच जीता था, जबकि भारत ने आगे के तीन मैच जीतकर श्रंखला अपने नाम कर ली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications