घाटी में छठे दिन भी कर्फ्यू जारी
श्रीनगर, 29 अगस्त (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में लगातार छठे दिन शुक्रवार को भी कर्फ्यू जारी रहा, जबकि प्रशासन ने कुछ अलगाववादी नेताओं को सार्वजनिक सुरक्षा कानून (पीएसए) के तहत गिरफ्तार किया है।
जिन नेताओं को पीएसए के तहत गिरफ्तार किया गया है, उनमें दुखतरान-ए मिलात की प्रमुख आसिया अंदराबी, हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े के प्रवक्ता अयाज अकबर, हिलाल वार और कुछ अन्य शामिल हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि घाटी में कानून और व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है, जिसमें कर्फ्यू में ढील देने या नहीं देने पर निर्णय लिया जाएगा।
प्रशासन को शुक्रवार को नमाज के बाद कुछ क्षेत्रों, खासकर पुराने शहर में प्रदर्शनों के की आशंका है।
प्रशासन ने गत दो दिनों में पूरी घाटी में चरणबद्ध तरीके से कर्फ्यू में ढील दी, जिस दौरान लोगों ने आवश्यक वस्तुओं की खरीददारी की।
घाटी में केबल ऑपरेटरों ने सरकारी एजेंसियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सभी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय समाचार चैनलों का प्रसारण बंद कर दिया है।
केबल ऑपरेटरों ने राज्य सरकार को कुछ स्थानीय समाचार चैनलों और समसामयिक कार्यक्रमों से लगी रोक हटाने के लिए शुक्रवार को 24 घंटे का समय दिया। केबल ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष मीर अमजद ने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ, तो वे पूरे नेटवर्क का प्रसारण अनिश्चितकाल के लिए बंद कर देंगे।
कर्फ्यू का असर समाचार पत्रों के प्रकाशनों पर भी पड़ा है।
गौरतलब है कि अमरनाथ भूमि विवाद को लेकर पूरे राज्य में पिछले ढाई महीने से तनाव व्याप्त है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications