जनरल मोटर्स भारत में इंजन कारखाना लगाएगी
मुंबई, 29 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिकी ऑटोमोबाईल कंपनी जनरल मोटर्स ने महाराष्ट्र के तालेगांव में इंजन निर्माण का एक नया कारखाना लगाने के लिए कल एक समझौता किया।
मुंबई, 29 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिकी ऑटोमोबाईल कंपनी जनरल मोटर्स ने महाराष्ट्र के तालेगांव में इंजन निर्माण का एक नया कारखाना लगाने के लिए कल एक समझौता किया।
इसके लिए गुरुवार को जनरल मोटर्स इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक कार्ल स्लिम और महाराष्ट्र सरकार के प्रमुख सचिव (उद्योग)ए.एम.खान ने मुख्यमंत्री विलासवराव देशमुख और अन्य लोगों की उपस्थिति में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
जनरल मोटर्स के नए इंजन कारखाने के निर्माण में 20 करोड़ डालर से अधिक राशि का निवेश होने का अनुमान है। कंपनी वाहन निर्माण के लिए पहले ही 30 करोड़ डालर से अधिक की रकम का निवेश कर चुकी है।
इंजन कारखाने से प्रतिवर्ष 160,000 इंजनों का निर्माण किया जाएगा और आवश्यकता होने पर इसकी क्षमता को बढ़ाकर 300,000 इंजन प्रतिवर्ष किया जा सकता है। इंजन और कार निर्माण कारखाने से 1400 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। कारखाने में आवश्यकता होने पर और अधिक लोगों को भी रोजगार मिल सकता है।
इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख ने कहा,"जनरल मोटर्स के प्रदेश में आने से हम गर्व और सम्मानित महसूस कर रहें हैं। जनरल मोटर्स की उपस्थिति ने निवेश के अग्रणी स्थान के रूप में महाराष्ट्र की शक्ति को पुन: प्रदर्शित किया है।"
देशमुख ने कहा कि राज्य जनरल मोटर्स को अपना पूरा समर्थन देगा और उसकी कामयाबी सुनिश्चित करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications