वॉटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए अनोखी पहल
गुवाहाटी, 29 अगस्त (आईएएनएस)। असम के तैराक एल्विस अली हजारिका ने लगातार 26 घंटे तैरकर युवाओं के बीच वॉटर स्पोर्ट्स (पानी से जुड़े खेलों) को लोकप्रिय बनाने तथा इन खेलों के लिए प्रायोजकों को आकर्षित करने की मुहिम शुरू की।
राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके एल्विस ने बुधवार रात आठ बजे तैरना शुरू किया और गुरुवार की रात 10 बजे तक बिना रुके तैरते रहे। हालांकि इस प्रयास के बाद एल्विस की हालत इतनी खराब हो गई कि उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कराना पड़ा।
एल्विस का इलाज कर रहे जीएनआरसी अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा, "एल्विस की हालत स्थिर है और जल्द ही उन्हें आईसीयू से हटा दिया जाएगा।"
असम के खेल विभाग के एक अधिकारी राजीव बरुआ ने कहा, "एल्विस का यह प्रयास सराहनीय है। 26 घंटे की तैराकी के दौरान वे केवल तरल भोजन पर आश्रित थे, लेकिन इसके बावजूद उनकी स्थिति काफी बेहतर है।"
छब्बीस घंटे की तैराकी के दौरान एल्विस ने हर तरह की तैराकी शैली के साथ दर्शकों का मनोरंजन किया। उनके कोच इलियान अली ने कहा, "हमें आशा है कि एल्विस का यह प्रयास युवाओं के बीच तैराकी और खासकर वॉटर स्पोर्ट्स को लोकप्रिय बनाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications