यूएस ओपन : दूसरे दौर में हारीं इवानोविक
न्यूयार्क, 29 अगस्त (आईएएनएस)। दुनिया की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला टेनिस खिलाड़ी सर्बिया की एना इवानोविक वर्ष के चौथे ग्रैंड स्लैम अमेरिकन (यूएस) ओपन के दूसरे दौर में हार गई हैं।
खेल वेबसाइट 'यूरोस्पोर्ट डॉट कॉम' के अनुसार गुरुवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में अना को फ्रांस की जूली कोइन ने 6-3, 4-6, 6-3 से पराजित किया। 1968 के बाद यह पहला मौका है, जब यूएस ओपन के दूसरे दौर में किसी शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी की छुट्टी हुई हो।
अभ्यास की कमी और दाएं अंगूठे में चोट के कारण अना एक बार भी 188वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी कोइन के खिलाफ प्रभावशाली खेल नहीं दिख्रा सकीं। यही कारण है कि पूरे मैच के दौरान अना ने 34 अनफोस्र्ड एर्स (बेजां गलतियां) और आठ डबल फॉल्ट किए।
दूसरी ओर, दिन के दूसरे मुकाबले में इस्तोनिया की केइया कानेपी को हराने के लिए फ्रांस की एमिली मौरेस्मो को खून-पसीना एक करना पड़ा।
मौरेस्मो यह मैच 2-6, 6-4, 6-0 से जीतकर तीसरे दौर में पहुंचने में सफल रहीं, लेकिन दो बार की ग्रैंड स्लैम विजेता के लिए यह जीत काफी मुश्किल भरी कही जा सकती है।
एक अन्य मुकाबले में रूस की दिनारा सफीना ने इटली की राबर्टा विंसी को बड़ी आसानी से 6-4, 6-3 से पराजित कर तीसरे दौर में जगह पक्की की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications