श्रीनगर में अलगाववादी नेता शबीर शाह गिरफ्तार
श्रीनगर, 29 अगस्त (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में अलगावादी नेताओं के खिलाफ पुलिस द्वारा छेड़े गए अभियान के तहत हुर्रियत नेता शबीर अहमद शाह को आखिरकार शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व वाले हुर्रियत धड़े के वरिष्ठ नेताओं में शुमार किए जाने वाले शाह पिछले कुछ दिनों से भूमिगत थे।
राज्य के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "शाह को शहर के रावलपोरा आवासीय क्षेत्र से आज दोपहर गिरफ्तार किया गया।"
उल्लेखनीय है कि बीते रविवार को हुर्रियत के अलगावादी धड़े के सैयद अली गिलानी, मीरवाइज उमर फारूक और जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के मोहम्मद यासीन मलिक को लाल चौक की ओर बढ़ने के क्रम में गिरफ्तार कर लिया गया था।
महिलाओं के आतंकवादी संगठन दुखतरान-ए-मिल्लत की प्रमुख नेता आसिया अंदराबी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
मीरवाइज, गिलानी और मलिक पर औपचारिक तौर पर कोई मामला दर्ज नहीं किया है। इन नेताओं को सुरक्षा के मद्देनजर एहतियातन हिरासत में रखा गया है जबकि अंदराबी को जन सुरक्षा संबंधी कड़े कानून के तहत गिरफ्तार किया गया है।
श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड को आंवटित जमीन वापस लेने के खिलाफ भड़की हिंसा तीन महीने बाद भी थमने का नाम नहीं ले रही है। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हुई हिंसात्मक गतिविधियों में अब तक 47 से भी अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। मारे गए अधिकांश लोग पुलिस व सुरक्षाबलों की गोली के शिकार हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications