ब्राजील में तेल रिसाव से 2000 पेंगविनों की मौत
रियो डी जनेरियो, 29 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राजील के दक्षिणी प्रांतों सांता कैटरीना और रियो ग्रांदे के समुद्र तटों पर रविवार से अब तक करीब दो हजार पेंगविन मृत पाए गए हैं। इनकी मौत समुद्र में किसी अज्ञात जहाज से तेल रिसने की वजह से हुई है।
गुरुवार को प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार तेल रिसाव के शिकार कई अन्य जानवर भी हुए हैं। इन सभी की देखभाल सांता कैटरीना प्रांत की राजधानी फ्लोरिआनोपोलिस में विशेषज्ञों द्वारा की जा रही है। इन जानवरों के शरीर पर तेल की परत चढ़ी हुई है।
जिस जहाज से रिसाव हुआ है,उसका अभी तक उसका पता नहीं लगाया जा सका है। आशंका है कि यह घटना सांता कैटरिना के पास गहरे समुद्र में हुई है। ब्राजील की नौसेना और वायु सेना रिसे हुए तेल को ढूंढ़ने की कोशिश कर रही हैं।
पर्यावरण पुलिस अधिकारी मार्केलो ड्यूअर्टे ने कहा, "समुद्रतट पर गश्त की कोई व्यवस्था नहीं है और इस ओर से रोजाना सैकड़ों जहाज गुजरते हैं। ऐसे में हम लोग यह पता नहीं लगा सकते है कि किस जहाज से तेल रिसाव हुआ है।"
पक्षी विशेषज्ञों के अनुसार जब पेंगविन या अन्य समुद्री पक्षियों के पंख तेल के सम्पर्क में आते हैं तो पक्षियों को गर्म और सूखा रखने की उनकी क्षमता खत्म हो जाती है। इससे उनका वजन बढ़ जाता है और उनके लिए तैरना मुश्किल हो जाता है। उनकी ताकत समाप्त हो जाती है और उनकी मौत हो जाती है।
गौरतलब है कि दक्षिणी गोलार्ध में सर्दियों के कारण हजारों पेंगविन अपने भोजन की तलाश में ब्राजील के समुद्रों में आते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications