प्रधानमंत्री आतंकवाद प्रभावित राज्यों की बैठक बुलाएं : मोदी
नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से भेंट कर आर्थिक रूप से संपन्न उन राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाने की मांग की, जिन्हें आतंकवादियों ने हाल के दिनों में अपना निशाना बनाया है।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान मोदी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित हो तो आतंकवाद का समूल नाश किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में जिन राज्यों में आतंकवादी हमले हुए हैं, सरकार को उन राज्यों में आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने चाहिए। साथ ही आतंकवाद के खिलाफ एक कुशल कार्ययोजना बनाने के लिए प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई जानी चाहिए।
प्रधानमंत्री से हुई तकरीबन 45 मिनट की मुलाकात के दौरान मोदी ने हाल ही में अहमदाबाद में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों की चल रही जांच में हुई प्रगति से प्रधानमंत्री को अवगत कराया। इस मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम. के. नारायणन भी वहां मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि गुजरात पुलिस ने गुरुवार को अहमदाबाद बम धमाकों की गुत्थी सुलझा लेने का संकेत दिया था।
मोदी ने प्रधानमंत्री से कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के लिए दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति होना जरूरी है। लेकिन कुछ नेता वोट बैंक की राजनीति के मद्देनजर आतंकवादी ताकतों के हौसले बढ़ाने का काम कर रहे हैं। कुछ नेताओं के ये कृत्य देश कमजोर करने वाले हैं।
मोदी ने कहा कि कुछ मौकों पर केंद्र सरकार व कुछ राज्य सरकारें भी आतंकवादियों के प्रति नरम रवैया अपनाती हैं जिससे आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई कमजोर पड़ती है।
मोदी ने पोटा की वकालत करते हुए कहा, "मुझे पूरा यकीन है कि पोटा और महाराष्ट्र के मकोका की तर्ज पर गुजकोका जैसे कानून बनाए जाते हैं तो निश्चित तौर पर आतंकवाद पर काबू पाया जा सकेगा।"
इस मौके पर मोदी ने प्रधानमंत्री से आतंकवाद संबधी मामलों के जल्द निपटारे के लिए विशेष अदालतों के गठन की मांग की। मोदी ने गृह मंत्री शिवराज पाटिल से भी मुलाकात की और आतंकवाद के मसले पर उनसे चर्चा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications