बिहार बाढ़ : एनजीओ का अनुमान, मरने वालों की संख्या 2 हजार
नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। कोसी नदी के रास्ता बदलने के कारण बिहार में आई बाढ़ के कहर से मरने वालों की संख्या राज्य सरकार की ओर से भले ही 12 बताई जा रही हो, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) 'एक्शनएड' का अनुमान है कि अब तक दो हजार लोग बाढ़ की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं।
'एक्शनएड' के साथ ही बिहार में कार्यरत अन्य एनजीओ 'सिटीजंस इनिसिएटिव ऑन फ्लड्स' ने भी कहा है कि सरकारी आंकड़ों में सिर्फ मृतकों की संख्या बताई गई है। इसमें लापता लोगों का कोई जिक्र नहीं है।
'एक्शनएड' के एशिया क्षेत्र के आपातकालीन मामलों के सलाहकार पी. वी. उन्नीकृष्णन कहते हैं कि बड़ी संख्या में लोग लापता हैं। इस बार बाढ़ ऐसे स्थानों पर आई है जहां पिछले 50 वर्षो में कभी नहीं आई थी, इस वजह से मरने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है।
'एक्शनएड' के एक प्रवक्ता ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर डायरिया फैलने की खबरें भी मिल रही हैं।
एनजीओ ने अपने स्टॉक से उपलब्ध सामग्रियों को बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच बांटा है, लेकिन वहां और भी जरूरत की सामग्रियां बांटने की जरूरत बताई है।
बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर चुकी इस टीम के प्रवक्ता के अनुसार वहां अस्थाई छत, भोजन, पीने का पानी, स्वास्थ्य सुविधाएं, बेबी फूड व अन्य जरूरी वस्तुओं की जरूरत है। यही नहीं, राहत कार्यो के लिए और अधिक नावों की भी जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications