गुजरात में '108' योजना के तहत निपटाए गए डेढ़ लाख मामले
अहमदाबाद, 29 अगस्त (आईएएनएस)। अगर आप गुजरात में रहते हैं और किसी संकट में पड़े हैं तो टोल फ्री '108' फोन नंबर पर संपर्क करें, आपकी तुरंत मदद की जाएगी। प्रदेश में पिछले एक साल में इस सेवा के तहत कम से कम डेढ़ लाख लोगों को मदद पहुंचाई जा चुकी है।
प्रदेश सरकार और हैदराबाद स्थित इमरजेंसी मैनेजमेंट एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (ईएमआरआई) के सहयोग से चलाए जा रहे इस कार्यक्रम की पहली वर्षगांठ पर यह जानकारी दी गई।
इस अवसर पर ईएमआरआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वेंकट चांगावल्ली ने बताया, "मैं 108 आपातकाल सेवा को दुनिया के आठ आश्चर्यो में जगह दिलाना चाहता हूं।"
वेंकट ने बताया कि गुजरात के अलावा यह सेवा आंध्रप्रदेश और उत्तराखंड में भी सफलतापूर्वक चल रही है। उन्होंने कहा, "हाल ही मैं यूरोप गया था। वहां के लोग हमारी कामयाबी पर हैरान हैं। भारत में हर साल बीस लाख से अधिक ऐसे मामले सामने आते हैं, जिन्हें त्वरित सहायता की जरूरत होती है। हमारा लक्ष्य हर साल कम से कम 10 लाख लोगों की जान बचाने का है।"
गुजरात, उत्तराखंड और आंध्रप्रदेश के अलावा मध्यप्रदेश, तमिलनाडु, राजस्थान, गोवा, असम और कर्नाटक ईएमआरआई के साथ सहयोग संधि पर हस्ताक्षर कर चुके हैं। इन राज्यों में इस साल एक नवंबर से सेवा प्रारंभ कर दी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications