अमरनाथ भूमि विवाद पर वार्ता फिर टली
जम्मू, 29 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीअमरनाथ संघर्ष समिति (एसएएसएस) और चार सदस्यीय सरकारी पैनल के बीच शुक्रवार को होने वाली वार्ता एक बार फिर टल गई है। अब यह वार्ता शनिवार को होगी।
पहले यह बातचीत गुरुवार को प्रस्तावित थी लेकिन राज्यपाल एन. एन. वोहरा के सलाहकार एस.एस. बलोरिया के दुर्घटनावश गिरकर चोटिल हो जाने के कारण इसे शुक्रवार तक के लिए टाल दिया गया था। चिकित्सकों द्वारा उन्हें एक दिन और आराम की सलाह दिए जाने के बाद बातचीत की तारीख शनिवार को तय की गई है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बलोरिया शनिवार की सुबह श्रीनगर से जम्मू के लिए उड़ान भरेंगे ताकि वे बैठक में हिस्सा ले सकें।
दोनों पक्षों के बीच तीसरे दौर की वार्ता गत 23 अगस्त को हुई थी, जिसे उन्होंने सकारात्मक बताया था। वार्ता का चौथा और अगला दौर गत मंगलवार को होना था लेकिन कश्मीर घाटी की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इसे गुरुवार तक के लिए टाल दिया गया था।
वार्ता के दौरान सरकार के उस निर्णय पर बात होनी है जिसमें उसने कहा था कि वह तीर्थयात्रियों की भीड़ वाले तीन महीनों के लिए श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) को उत्तरी कश्मीर के बालताल इलाके में 40 हेक्टेयर भूमि सौंप सकती है। अभी इस बात की सार्वजनिक घोषणा होनी बाकी है।
गौरतलब है कि 26 मई को सरकार ने 40 हेक्टेयर भूमि एसएएसबी को सौंप दी थी लेकिन कश्मीर घाटी में भारी विरोध को देखते हुए उसने जमीन वापस ले ली थी। जमीन वापस लेने के फैसले के बाद जम्मू क्षेत्र में भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications