शेयर बाजारों में तगड़ा उछाल (राउंडअप)
मुंबई, 29 अगस्त (आईएएनएस)। गुरुवार शाम को जारी मुद्रास्फीति के ताजा आंकड़ों में भले ही हल्की गिरावट दर्ज की गई हो, लेकिन इस वजह से शुक्रवार को निवेशकों में भारी उत्साह देखा गया। कारोबार खत्म होने पर सेंसेक्स 516 और निफ्टी 146 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ।
दिन के कारोबार के दौरान तेजड़ियों ने मंदड़ियों की एक न चलने दी और धातु, बैंकिंग, रियल्टी, पूंजीगत वस्तुओं, तेल एवं गैस तथा सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त लिवाली हुई। उल्लेखनीय है कि 16 अगस्त को खत्म हुए सप्ताह के दौरान मुद्रास्फीति की दर 12.40 फीसदी पर आ गई। इससे पिछले सप्ताह में यह दर 12.63 फीसदी थी।
बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' कल की बंदी के मुकाबले आज 230.68 अंकों की बढ़त के साथ 14,279.02 पर खुला। दिन भर बढ़त में कारोबार करने के बाद यह 516.19 अंकों अथवा 3.67 फीसदी की बढ़त के साथ 14,564.53 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 14,586.16 का उच्चतम स्तर छुआ, जबकि इसका निम्नतम स्तर वही रहा जिसपर आज बाजार खुला था।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप शेयरों ने भी आज जमकर कारोबार किया। मिडकैप सूचकांक 133.44 अंक बढ़कर 5,742.29 पर और स्मालकैप सूचकांक 109.34 अंक की बढ़त के साथ 6,891.64 पर बंद हुआ।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' कल के मुकाबले 16.60 अंकों की बढ़त के साथ 4,230.60 पर खुला। कारोबार खत्म होने पर यह 146 अंकों की बढ़त के साथ 4,360 पर था। निफ्टी ने भी आज दिनभर बढ़त में कारोबार किया। इस दौरान इसने 4,368.80 का उच्चतम स्तर छुआ।
कारोबार का रुख सकारात्मक रहा और बीएसई में 1,843 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में इजाफा हुआ जबकि 797 कंपनियों के शेयरों की कीमतें नीचे आईं।
आज एनएसई के नकद खंड में 10,611.51 करोड़ रुपये और फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (एफ एंड ओ) खंड में 43,170.27 करोड़ रुपये का जबकि बीएसई के नकद खंड में 5,413.96 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications