गोमती उफनायी, लखनऊ में बाढ़

गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे लखनऊवासियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। लखनऊ के कई इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है। गोमतीनगर के विपुल खंड पांच-छह और विराम खंड में बाढ़ का पानी घुसने से हालात खराब होते जा रहे हैं।
सज्जादबाग नाला और कुकरैल नाला अपने उफान पर हैं। पानी बंधा लांघकर फैजाबाद रोड किनारे बसी बस्तियों में पहुंच गया। तमाम सड़कें और पार्क जलमग्न हो गये हैं। सड़क पर आ जाने से आवागमन भी बाधित हो गया है।
कुकरैल नाला उफनाने के बाद पानी को निकालने के लिये चलाये जाने वाला पम्प के बंद हो जाने पर इंदिरा नगर के कुर्माचल नगर, शक्तिनगर तथा सर्वोदयनगर इलाके के घरों में पानी भर गया है। गुस्साये लोगों ने प्रदर्शन किया।
सज्जादबाग में भी नाले का पानी उफनाने से लोगों के घर डूबे हुये हैं। जल भराव के कारण सज्जादबाग संक्रामक रोग की चपेट में है। संक्रमण का शिकार होने से यहां एक बच्ची की मौत भी हो गई। बालागंज में स्थिति गंभीर होती जा रही है। जननिगम कालोनी समेत कई इलाकों में पानी घरों में घुटनों से ऊपर चढ़ गया है।
गोमती की चपेट में आये गोसाईगंज क्षेत्र के गांवों की स्थिति बिगड़ती जा रही है। अर्जुनगंज के कई इलाकों में पानी भर जाने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।


Click it and Unblock the Notifications
