बिहार बाढ़ : प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय आपदा करार दिया, राहत पैकेज की घोषणा (लीड-1)
पटना, 28 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बिहार में आई बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा करार देते हुए राहत कार्यो के लिए एक हजार करोड़ रुपये का पैकेज देने की घोषणा की। उधर, कोसी नदी के कहर के कारण बाढ़ की स्थिति लगातार विकट होती जा रही है। बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है, जबकि अभी भी लगभग 10 लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं। राहत कार्यो में मदद के लिए सेना भी बुला ली गई है।
प्रधानमंत्री ने गुरुवार को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद यह घोषणा की। साथ ही उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा राज्य को सवा लाख मीट्रिक टन अनाज देने की भी घोषणा की।
प्रधानमंत्री गुरुवार को दिल्ली से विशेष विमान से सीधे पूर्णिया पहुंचे और फिर उन्होंने वायुसेना के हेलीकाप्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों का सर्वेक्षण किया। मौसम ठीक नहीं रहने के कारण वे कुछ ही क्षेत्रों का हवाई दौरा कर सके।
बाढ़ प्रभावित इलाकों के हवाई सर्वेक्षण के दौरान प्रधानमंत्री और सोनिया के साथ रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, केंद्रीय रसायन एवं उवर्रक मंत्री रामविलास पासवान, गृह मंत्री शिवराज पाटिल और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे।
इस बीच, राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा है कि अभी भी लगभग 10 लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं, जिन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिशें जारी हैं। उनके मुताबिक बाढ़ से अब तक 25 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
मिश्रा ने कहा, "दिनों दिन बाढ़ की स्थित और भी भयावह होती जा रही है। हमारा अनुमान है कि लगभग 10 लाख लोग अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं। इन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिशें जारी हैं। राज्य सरकार के लिए यह एक चुनौती की घड़ी है।"
उधर, मधेपुरा, सुपौल, अररिया और पूर्णिया जिलों के कई नए इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है और इसमें मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
मधेपुरा के जिलाधिकारी राजेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि जिले के 10 प्रख्ांडों की 126 पंचायतों के 256 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण एक लाख 30 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें बर्बाद हो गई हैं।
राहत कार्यो के लिए 86 नावें और 11 मोटरबोटें चलाई जा रही हैं। बाढ़ का पानी कुमारखंड, ग्वालपाड़ा, मुरलीगंज, मधेपुरा, सिंहेश्वर, बिहारीगंज, उदाकिशुनगंज, शंकरपुर, आलमनगर, पुरैनी प्रखंडों में फैल गया है।
कोसी की धार से सुपौल जिले के 300 गांव तथा अररिया के एक सौ गांवों में पानी ही पानी नजर आ रहा है। सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल की आधा दर्जन पंचायतों समेत जिले की कुल 21 पंचायतें बाढ़ से घिर चुकी हैं।
कटिहार के चार प्रखंडों की 60 हजार आबादी बाढ़ में घिरी हुई है। पूर्णिया के बाढ़ प्रभावित बीकोठी, बनमनखी, रूपौली और अमौर प्रखंड में बारिश के कारण बीकोठी की दो और पंचायतों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है।
राज्य पुलिस के प्रवक्ता अनिल सिन्हा ने गुरुवार को बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों के अलावा 750 अतिरिक्त पुलिस अधिकारी, विशेष सहायक बल (सैप) के 900, राज्य पुलिस बल के 2440 और होमगार्ड के 1350 जवानों के अतिरिक्त बिहार सैन्य बल की आठ कंपनियां लगायी गई हैं।
बिहार में बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय ने अतिरिक्त रेलगाड़ियां चलाने का फैसला किया है। पूर्व-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी ए़ क़े चन्द्रा ने बताया कि रेल पटरियों के आसपास शरण लेने वाले बाढ़ पीड़ितों के लिए कपड़े, खाद्य सामग्री, पीने के पानी समेत अन्य राहत सामग्रियों की व्यवस्था रेलमंत्री राहत कोष से प्राप्त धन से की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
