जम्मू में तीन आतंकवादी ढेर, मुठभेड़ खत्म

एक मकान में जा छुपे आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच यह मुठभेड़ पूरे दिन चली। इस मुठभेड़ के दौरान आतंकवादियों द्वारा बंधक बनाये गये चार लोग तो देर शाम तक सुरक्षित निकाल लिये गये थे, लेकिन चार बच्चों समेत सात लोगों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
सुबह साढ़े पांच बजे से शुरू हुई इस मुठभेड़ में तीन आम नागरिक मारे गये और सेना का एक जवान शहीद हो गया।
जम्मू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह के मुताबिक चिन्नौर की मुठभेड़ में एक आतंकी दोपहर करीब बारह बजे मारा गया, जबकि दूसरा शाम को और तीसरा आतंकवादी रात करीब साढ़े ग्यारह बजे मारा गया। इसके साथ ही 17 घंटे तक चली कार्रवाई समाप्त हुई।
बंधकों के बारे में श्री सिंह ने कहा कि उनके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। बंधकों में 2 साल से 9 साल के बच्चे भी शामिल हैं। इनमें विपिन कुमार (2), काजल (4), इशांत (6), शीतल (9) शामिल हैं। बच्चों के चिंतित पिता बिल्ला राम अब भी बाहर उनका इंतजार कर रहे हैं।
आतंकवादियों व सुरक्षाकर्मियों की मुठभेड़ बुधवार तड़के शुरू हुई। इससे पहले इस इलाके में प्रवेश करने से पहले आतंकवादियों ने एक जेसीओ की हत्या की। साथ में जिस ऑटोरिक्शा से आतंकी यहां तक आये, उस ऑटोचालक और सड़क से गुजर रहे एक मोटरसाइकिल सवार को आतंकियों ने मौत के हवाले कर दिया।
पुलिस के मुताबिक सुबह तीन आतंकवादी कानाचक सेक्टर से सीमापार कर राज्य में घुस आए थे। आतंकवादी पुलिस की वर्दी में चिन्नौर में एक मकान में छुपे थे और उनके पास एके-47 राइफलें थीं।
जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक के. राजेन्द्र के मुताबिक तीन आतंकवादियों की राज्य में घुसपैठ के कारण जम्मू में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। भारी मात्रा में हथियारों से लैस घुसपैठियों का एक समूह सीमा पार कर मंगलवार को कानाचक सेक्टर में दाखिल हुआ था।


Click it and Unblock the Notifications
