शिबू ने संभाली झारखंड की गद्दी (लीड-1)
रांची, 27 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के मुखिया शिबू सोरेन ने बुधवार को झारखंड की गद्दी संभाल ली। राज्यपाल सैयद सिब्ते रजी ने उन्हें राज्य के छठे मुख्यमंत्री के रूप में बुधवार दोपहर शपथ दिलाई। शिबू के साथ अन्य 11 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
राजधानी के मोराबादी मैदान में हुए शपथ ग्रहण समारोह में जिन 11 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, उनमें झामुमो के तीन विधायक सुधीर महतो, नलिन सोरेन और दुलाल भूइयां शामिल हैं। ये तीनों पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की सरकार में भी मंत्री थे।
इसके अलावा फारवर्ड ब्लॉक के भानु प्रताप शाही और अपर्णा सेनगुप्ता, युनाइटेड गोवन्स डेमोक्रेटिक पार्टी (यूजीडीपी) के बंधु तिर्की व जोबा मांझी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कमलेश सिंह और निर्दलीय विधायकों स्टीफन मरांडी, एनोस एक्का और हरिनारायण राय को सोरेन की मंत्रिपरिषद में स्थान दिया गया है।
अपर्णा सेनगुप्ता को छोड़कर सभी दसों विधायक कोड़ा सरकार में भी मंत्री थे।
शपथ ग्रहण समारोह में मधु कोड़ा और केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय शामिल थे। जबकि तीन हजार से भी अधिक लोग इस मौके के गवाह बने।
शपथ लेने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में सोरेन ने कहा, "राज्य की जनता का विकास करना मेरी प्राथमिकता होगी। मैं विकास को सूबे की हर गरीब जनता तक पहुंचाने की कोशिश करूंगा।"
सोरेन ने लगे हाथ 'टाटा' को नैनो कार फैक्ट्री स्थापित करने का निमंत्रण दे डाला। उन्होंने कहा कि 'टाटा' झारखंडी हैं और इसलिए हम टाटा मोटर्स को झारखंड में अपनी फैक्ट्री लगाने का निमंत्रण देते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*