मध्यप्रदेश में जनमाष्टमी पर कैदियों की सजा में एक माह की कमी
भोपाल, 24 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश सरकार ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेश भर के कैदियों की सजा में एक माह की कमी का ऐलान किया है। प्रदेश के जेलमंत्री अंतर सिंह आर्य ने रविवार को इसकी घोषणा की।
सजा में एक माह की कमी से उत्साहित कैदियों ने प्रदेश भर के विभिन्न जेलों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मउत्सव धूमधाम से मनाया। इस मौके पर केन्द्रीय जेल भोपाल में रंगारंग उत्सव का आयोजन किया गया। कैदियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन कर दिल जीत लिया। इस मौके पर जेल मंत्री अंतर सिंह के अलावा प्रमुख सचिव दिलीप मेहरा, महानिदेशक (जेल) आनंद राज पवार भी मौजूद थे।
जनमाष्टमी के अवसर पर पूरे प्रदेश में धूम रही। जगह-जगह रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए और ग्वालों की टोलियां दही मटकी तोड़ने में जुटी रहीं। आलम यह था कि देसी तो देसी विदेशी भी यशोदा नन्दन का जन्म दिन मनाने में पीछे नहीं रहे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी भगवान कृष्ण का जन्मदिन पूरी भक्ति के साथ मनाया। मुख्यमंत्री ने जबरखेडी के दो कृष्ण मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की और शोभा यात्रा में शामिल हुए।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन सहित मध्यप्रदेश के सभी प्रमुख शहर श्रीकृष्ण के रंग में रंगे हुए हैं। मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना का दौर जारी रहा। जगह जगह दही मटकियां टांगी गईं, जिन्हें तोड़ने के लिए ग्वालों की टोली पहुंची। इस्कान मंदिरों में जहां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के तहत कार्यक्रमों का दौर चला, वहीं भव्य शोभा यात्राएं भी निकाली गईं।
इंदौर के निवानियां रोड़ स्थित इस्कान मंदिर में भारतीयों के साथ अमेरिका से आए दल ने भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को पूरे उत्साह के साथ मनाया। मंदिर के प्रमुख महामन प्रभु की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चला। इस मौके पर अमेरिका से आए दल ने रास लीला का मंचन किया। गोरा प्रेमा देवी के नेतृत्व में इस दल द्वारा प्रस्तुत कृष्ण लीलाएं मंत्र मुग्ध कर देने वाली थीं।
इंडो- एशियन न्यूज सर्विस।