नैनो परियोजना पर महाराष्ट्र को टाटा के रुख का इंतजार (लीड-1)
मुंबई, 23 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार को दुनिया की सबसे सस्ती कार 'नैनो' परियोजना के पश्चिम बंगाल से महाराष्ट्र स्थानांतरित करने की पेशकश पर टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा के रुख का इंतजार है।
महाराष्ट्र सरकार के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "हमने टाटा समूह को स्पष्ट पेशकश की है। अब गेंद उनके पाले में है।" अधिकारी ने हालांकि पेशकश का विस्तृत ब्योरा देने से इनकार कर दिया।
इससे पहले महाराष्ट्र सरकार ने नैनो के उत्पादन संयंत्र को पश्चिम बंगाल से बाहर ले जाने की स्थिति में अपने यहां जमीन मुहैया कराने की पेशकश की थी।
टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के सिंगुर में हिंसा जारी रहने की स्थिति में नैनो परियोजना पश्चिम बंगाल से बाहर ले जाने की चेतावनी दे डाली थी। क्षेत्र में फैक्ट्री के लिए जमीन अधिग्रहण के खिलाफ हिंसक आंदोलन चल रहे हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख ने शनिवार को कहा कि टाटा समूह यदि चाहे तो उनके राज्य में नैनो उत्पादन संयंत्र स्थापित कर सकता है। उन्होंने अपने आवास पर जल्दीबाजी में बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सिंगुर में टाटा समूह मुश्किलों का सामना कर रहा है।
उन्होंने कहा, "यदि टाटा चाहे तो महाराष्ट्र में काम शुरू कर सकते हैं। हम उन्हें तमाम तरह की सुविधाएं मुहैया कराएंगे। पुणे, नासिक, औरंगाबाद कहीं भी, जहां वे चाहें, उन्हें जमीन उपलब्ध कराई जा सकती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।