अमरनाथ विवाद सुलझाने के लिए वार्ता शुरू
जम्मू, 23 अगस्त (आईएएनएस)। अमरनाथ भूमि विवाद का हल ढूंढने के लिए जम्मू में शनिवार को राज्यपाल के प्रतिनिधियों और श्री अमरनाथ संघर्ष समिति के सदस्यों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हो रही है।
संघर्ष समिति के सदस्य श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड को 40 एकड़ भूमि आवंटित करने पर अडिग है। वार्ता शुरू होने से पहले समिति के सदस्य सुचेत सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी मांग में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
संघर्ष समिति से बातचीत के लिए राज्यपाल एन. एन. वोहरा ने जो समिति बनाई है, उसमें राज्यपाल के सलाहकार (गृह) सुधीर सिंह बोलेरिया, उच्च न्यायालय के अवकाशप्राप्त न्यायाधीश जी. डी. शर्मा, जम्मू विश्वविद्यालय के कुलपति अमिताभ मट्टू और श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी. बी. व्यास शामिल हैं।
समिति के अन्य तीन प्रतिनिधियों में तिलक राज शर्मा, नरेन्द्र सिंह और पवन कोहली शामिल हैं। इन सभी ने कहा कि संघर्ष समिति से बातचीत के लिए उन्होंने पांच सूत्री एजेंडा तैयार किया है। जिसमें यात्रा प्रबंधन, मंदिर बोर्ड का पुर्नगठन और उसे मजबूत करना शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*