मुंबई के सभी बारों को योग केंद्र बनाया जाए: रामदेव
मुंबई, 23 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई में एक नाइट क्लब के स्थान पर बनने जा रहे योग केंद्र की आधारशिला रखते हुए योग गुरु बाबा रामदेव ने शनिवार को कहा कि मुंबई के सभी बारों को योग केंद्र में बदल देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से बेहतर समाज और स्वस्थ जीवन का निर्माण होगा।
रामदेव ने कहा कि जो लोग यहां भोग-विलास और नशे के लिए आते थे, वे अब ध्यान के लिए आएंगे।
उनके मुताबिक इस केंद्र में शारीरिक और आध्यात्मिक प्रशिक्षण दिया जाएगा और साथ ही बेहद सस्ते शुल्क पर चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री आर. आर. पाटिल की बारों पर प्रतिबंध लगाने के लिए सराहना की।
मुंबई के मंहगे इलाकों में से एक विले पार्ले पश्चिम में स्थित दीपा बार को रामदेव की पतंजलि योगपीठ को वरीजा मलप्पा चैरीटेबल ट्रस्ट की ओर से दान कर दिया गया है। 8,500 वर्गफीट में फैली इस संपत्ति की कीमत अनुमानत: 40 करोड़ रुपये है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।