चौराहे पर फुटबाल खेलकर खिलाड़ियों ने रोष जताया
इंदौर, 21 अगस्त (आईएएनएस)। इंदौर के नेहरू स्टेडियम की पहचान खेल गतिविधियों का केंद्र होने के कारण है, मगर यह मैदान अब दीगर गतिविधियों का अड्डा बनता जा रहा है। इस बात से यहां के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में रोष है। खिलाड़ियों ने गुरुवार को अपने इस रोष का इजहार अनोखे अंदाज में रीगल चौराहे पर फुटबाल खेलकर किया।
गुरुवार को प्रदेश सरकार ने नेहरू स्टेडियम में वनवासी महाकुंभ का आयोजन किया था। इस दौरान बास्केटबाल, बालीबाल, हैंडबाल, जिम्नेजियम सहित अन्य खेलों के खिलाड़ी एकजुट हुए और उन्होंने शहर के सबसे व्यस्त चौराहे रीगल चौक पर विरोध स्वरूप फुटबाल खेली। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जमुना सिलावट का कहना है कि स्टेडियम अब खेल का मैदान नहीं रहा है बल्कि अन्य गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है जिससे खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वे इस स्थिति से दुखी हैं और उन सबने मिलकर चौराहे पर फुटबाल खेलकर अपने विरोध का प्रदर्शन किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।