शिबू सोरेन संप्रग नेताओं से मिलने दिल्ली रवाना
रांची, 20 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री पद पर नजर गड़ाए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रमुख शिबू सोरेन बुधवार को दिल्ली रवाना हो गए। वे यहां संप्रग नेताओं से मिलकर उन्हें आश्वस्त करेंगे कि सरकार बनाने के लिए उनके पास पर्याप्त विधायकों का समर्थन हासिल है।
दिल्ली रवाना होने से पूर्व सोरेन ने यहां संवाददाताओं से कहा, "नई दिल्ली में मैं संप्रग नेताओं से मिलकर बताऊंगा कि मेरे पास पर्याप्त विधायकों का समर्थन है। अगली सरकार का गठन महज औपचारिकता भर होगी।"
सोरेन ने 82 सदस्यीय विधानसभा में 45 विधायकों के समर्थन का दावा किया है। झामुमो सूत्रों ने कहा कि वे नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने की कोशिश करेंगे और उन्हें संख्या बल के बारे में बताएंगे।
उल्लेखनीय है कि झारखंड के मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने मंगलवार को कहा था कि वे 25 अगस्त को विधानसभा में बहुमत साबित कर देंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के समर्थन वापस लिए जाने के बाद राज्यपाल ने उन्हें बहुमत साबित करने को कहा था।
कोड़ा ने संवाददाताओं से कहा कि विधानसभा में वह 25 अगस्त को बहुमत साबित कर देंगे।
82 सदस्यीय विधानसभा में कोड़ा को 25 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। बहुमत के लिए आवश्यक संख्या वे कैसे जुटाएंगे इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विकल्प खुले हैं। झामुमो नेताओं से भी उनकी बातचीत चल रही है।
उन्होंने कहा था कि अगर कि जरूरत पड़ी तो वे नई दिल्ली में संप्रग के केंद्रीय नेताओं से भी मिलेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।