दिल्ली में यमुना लगातार तीसरे दिन खतरे के निशान से ऊपर, 50 लोगों को हटाया गया
नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। यमुना नदी के लगातार तीसरे दिन खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण मंगलवार को दिल्ली में यमुना के तटवर्ती इलाकों में बसी झुग्गियों में रहने वाले 50 लोगों को वहां से हटा दिया गया। मंगलवार को यमुना खतरे के निशान से करीब तीन फीट ऊपर 205.69 मीटर की ऊंचाई पर बह रही थी।
उस्मानपुर, निगमबोध घाट, सोनिया विहार, चिल्ला गांव, बाटला हाउस और गरही मांडू इलाकों के लोगों को निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। इस बीच वहां लोगों को खाद्य सामग्री और पेयजल की आपूर्ति सुचारू न होने के कारण संकट का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच दिल्ली के मुख्य सचिव राकेश मेहता ने हालात का जायजा लेने के लिए बाढ़ नियंत्रण विभाग के वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ एक बैठक की। मेहता ने आईएएनएस से कहा, "हमें उम्मीद है कि बाढ़ की स्थिति जल्द सुधरेगी। "
गौरतलब है कि राज्य में पिछले एक सप्ताह के दौरान हुई अच्छी बारिश और हरियाणा से पानी छोड़े जाने के कारण ऐसी स्थिति निर्मित हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*