मुख्यमंत्री के सवाल पर कमलनाथ की चुप्पी
भोपाल, 18 अगस्त (आईएएनएस)। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस किसे मुख्यमंत्री के तौर पर प्रस्तुत करेगी अथवा अगला मुख्यमंत्री कौन होगा जैसे सवालों पर केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कमलनाथ की चुप्पी ने राजनीतिक गलियारों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कमलनाथ के भोपाल दौरे को राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।
कांग्रेस के भीतर चल रहा द्वंद्व किसी से छुपा नहीं है। मुख्यमंत्री पद को लेकर दावेदारियां जताने में कोई किसी से पीछे नहीं है। केंद्रीय मंत्री कमलनाथ हो, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी हों, राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह हों, केंद्रीय राज्य मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया हों अथवा कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष अजय सिंह हों। सभी के अपने अपने गणित हैं।
आज भोपाल में मुख्यमंत्री के सवाल पर कमलनाथ का चुप रह जाना कई सवाल छोड़ गया है। उनकी इस चुप्पी से यही कयास लगाए जा रहे हैं कि वे अब भी दौड़ में शामिल हैं।
कमलनाथ खुद पूर्व में अपरोक्ष तौर पर मुख्यमंत्री पद की दावेदारी जता चुके हैं, मगर अब पार्टी की एकजुटता की वकालत कर रहे हैं। कमलनाथ का कहना है कि कांग्रेस एकजुट है और यह बात 22 अगस्त को छिंदवाड़ा में दिख जाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि आने वाली सरकार उसी की होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।