संयुक्त राष्ट्र के मुख्य परमाणु निरीक्षक तेहरान पहुंचे
तेहरान, 18 अगस्त (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के मुख्य निरीक्षक ईरानी परमाणु संगठन के अधिकारियों से वार्ता करने के लिए सोमवार को तेहरान पहुंच गए हैं।
समाचार एजेंसी इसना के अनुसार आईएईए के मुख्य निरीक्षक ओली हेइनोनेन ईरानी परमाणु संगठन के प्रमुख गुलाम-रेजा अक्जादेह के साथ पिछले सप्ताह हुई वार्ता को फिर शुरू करने के लिए सोमवार को तेहरान पहुंचे हैं।
ईरान ने पिछले सप्ताह हुई दो दिन की वार्ता को रचनात्मक करार दिया। लेकिन इससे पश्चिमी देशों के साथ उसके परमाणु विवाद को हल होने की दिशा में कोई महत्वपूर्ण सफलता मिलने पर टिप्पणी करने से परहेज किया।
ईरान-आईएईए वार्ता मुख्यत: तकनीकी मुद्दों पर ही केंद्रित है और इसमें आर्थिक और राजनीतिक लाभों के बदले यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम रोकने जैसे राजनीतिक मामलों पर चर्चा नहीं होती है।
ईरान को यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम छोड़ने के लिए दबाव डालने हेतु संयुक्त राष्ट्र ने पहले ही उस पर तीन प्रतिबंध लगा रखे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*