'जयराम की मौत से कन्नड़ सिनेमा को हुई भारी क्षति'
वी. एस. राजपुर
वी. एस. राजपुर
बेंगलुरू, 17 अगस्त (आईएएनएस)। प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक जयराम की मौत से कन्नड़ फिल्म उद्योग को भारी क्षति पहुंची है। रविवार को फिल्म जगत से जुड़े नामचीन लोगों ने अपने-अपने शब्दों में यह विचार व्यक्त किए।
जयराम पिछले कुछ समय से बीमार थे और शनिवार को उनका निधन हो गया। अभिनेत्री व निर्देशिका और कर्नाटक फिल्म चेंबर ऑफ कॉमर्स की अध्यक्षा जयमाला ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "उनकी मृत्यु से कन्नड़ फिल्म उद्योग को भारी क्षति पहुंची है। अच्छे उपन्यासों पर आधारिक पारिवारिक फिल्मों को बनाने वाले जयराम की मृत्यु से उनके प्रशंसक स्तब्ध हैं।"
कन्नड़ फिल्म प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष के. सी. एन. चंद्रू ने कहा, "कन्नड़ फिल्म में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनकी फिल्में पुरस्कार जीतने के साथ-साथ बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही हैं।" वरिष्ठ अभिनेता विष्णुवर्धन ने कहा कि वे बड़े प्रतिभाशाली फिल्म निर्देशक थे।
जयराम को लोकप्रिय कन्नड़ उपन्यासों पर आधारित पारिवारिक फिल्मों के निर्देशक के रूप में पहचाना जाता था। कन्नड़ सिनेमा में उनके योगदान के लिए कर्नाटक सरकार ने उन्हें पुट्टन्ना कानागल पुरस्कार से भी सम्मानित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**