छेड़छाड़ से परेशान लड़की ने खुद को आग लगाई,मामला दर्ज
जबलपुर 17 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के जबलपुर में छेड़छाड़ से परेशान एक लड़की ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। उसे गंभीर हालत में मेडीकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन मनचलों के खिलाफ पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज कर लिया।
गढ़ा थाने के सूपाताल इलाके की 13 वर्षीया लड़की को तीन लड़के आए दिन परेशान करते थे। सातवीं में पढने वाली उक्त लड़की गत 13 अगस्त को जब स्कूल से लौट रही थी, तो सोनू लोहार, जावेद खान और फैगी नाम के तीन लड़के उस पर फब्तियां कसने लगें और उसके सामने शादी का प्रस्ताव तक रख दिया। इससे वह इतनी दुखी हुई कि उसने खुद को घर के बाथरूम में बंद कर मिट्टी का तेल छिड़कर आग लगा ली।
जांच अधिकारी सहदेव शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि शनिवार को पुलिस और दंडाधिकारी ने पीड़िता के बयान दर्ज किए। उसने अपने बयान में इसकी वजह छेड़छाड़ बताई है।
उन्होंने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ 309 के तहत मामला दर्ज किया गया है और उनकी तलाश जारी है।
इंडो - एशियन न्यूज सर्विस।