पंजाब में बाढ़ से भारी नुकसान, सेना राहत कार्य में जुटी (लीड-1)
चंडीगढ़, 17 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब में बाढ़ प्रभावित चार जिलों में रविवार को सेना ने सैकड़ों प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। मोगा, फिरोजपुर, कपूरथला और जालंधर जिले के कई इलाकों में सतलुज नदी के तटबंधों में दरारें आ जाने से पांच से 12 फुट पानी भर गया है।
पंजाब के सिंचाई मंत्री जनमेजा सिंह सेखों ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सतलुज नदी के तटबंधों में दरारें आने के पीछे चूहों की बढ़ती संख्या है। सेखों ने कहा कि तटबंधों में बड़ी संख्या में चूहे रहते हैं।
गौरतलब है कि राज्य के मोगा, फिरोजपुर, कपूरथला और जालंधर जिले के 150 से अधिक गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। इन जिलों की हजारों एकड़ उपजाऊ भूमि और धान की फसल बाढ़ की चपेट में आ गई है और बहुत से मवेशी बह गए हैं। मोगा जिले के जीरा इलाके में बोहन सिंह नाम के एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई है।
फिरोजपुर जिले के अकबर खान गांव में एक तटबंध में 150 फुट गहरी दरारें आ गई हैं। राज्य सरकार के अनुसार कपूरथला और जालंधर जिले के बुंदाला और खन्ना गांव में भी तटबंधों में दरारें आ गई हैं।
सेखों ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के भाखड़ा बांध से अतिरिक्त पानी को निकालने के लिए कुछ फाटकों को खोला गया था, जिससे सतलुज नदी के कुछ बांधों में दरारें आ गईं। प्रभावित इलाकों में सेना के जवान राहत कार्य में जुटे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।