रूस के साथ गठजोड़ पर पुनर्विचार करेगा नाटो
ब्रसेल्स, 16 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के विदेश मंत्री मंगलवार को ब्रसेल्स में एक आपात बैठक करने जा रहे हैं। इसमें जार्जिया में हुए संघर्ष के बाद रूस के साथ संगठन के रिश्तों पर विचार किया जाएगा। बैठक अमेरिका के आह्वान पर बुलाई गई है।
जार्जिया और उसके अलगाववादी प्रांत दक्षिणी आस्सेतिया व अब्खाजिया में सैन्य कार्रवाई के कारण नाटो और जी-8 देशों के समूह में रूस की भूमिका में कमी होने के खतरे की अमेरिकी चेतावनी के बीच विदेश मंत्रियों की यह बैठक होने जा रही है।
इस महीने की 13 तारीख को अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश ने कहा था, "हाल के वर्षो में रूस ने 21वीं सदी के कूटनीतिक, राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा स्वरूप को आपस में मिलाने की कोशिश की है।"
उन्होंने कहा था, "अब रूस ने अपने रुतबे को हासिल करने की कामना से जार्जिया में कार्रवाई कर के खतरा पैदा कर दिया है। जॉर्जिया में रूसी कार्रवाई नाटो और जी-8 जैसी संस्थाओं के उद्देश्यों के विपरीत है।"
गुरुवार को अमेरिकी रक्षामंत्री राबर्ट गेट्स ने कहा था कि पड़ोसी देश जार्जिया में रूसी घुसपैठ की परिणति देखने को मिलेगी।
इसका एक स्वाभाविक परिणाम नाटो-रूसी परिषद (एनआरसी) पर देखने को मिला,जब इस महीने की 20 तारीख से अमेरिका, कनाडा और रूस के संयुक्त सैन्य अभ्यास को ही रद्द कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*