सरकार बचाने की कवायद में पुड्डचेरी के मुख्यमंत्री दिल्ली पहुंचे
पुड्डचेरी, 16 अगस्त (आईएएनएस)। पांच कैबिनेट मंत्रियों के बगावती तेवर अपनाने के बाद पांडिचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी शनिवार को कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात करने राजधानी दिल्ली रवाना हो गए। उनकी इस सप्ताह यह दूसरी दिल्ली यात्रा है।
रंगास्वामी मंत्रिपरिषद के पांच कैबिनेट मंत्रियों ने उनके मुख्यमंत्री बने रहने की स्थिति में काम करने से इनकार कर दिया है। यह जानकारी एक मंत्री ने दी।
मंत्री ने कहा, "यदि रंगास्वामी को नहीं हटाया गया तो इस केंद्र शासित प्रदेश में विवाद जारी रहेगा और कोई भी कामकाज नहीं होगा।"
विवाद करीब एक पखवाड़ा पहले शुरू हुआ था लेकिन कांग्रेस आलाकमान इस मुद्दे पर निर्णय लेने की समय सीमा बढ़ाता जा रहा है।
इस सबके बीच एआईएडीएमके ने भी रंगास्वामी के खिलाफ अभियान चला रखा है। एक बयान में एआईएडीएमके की प्रमुख जयललिता ने आरोप लगाया है कि बार-बार दिल्ली की यात्रा कर हवाई किराए के रूप में रंगास्वामी ने साढ़े सात करोड़ रुपये की बर्बादी की है। उनकी यात्रा का उद्देश्य अपनी 'निष्क्रिय मंत्रिपरिषद' को बचाना है जो पूरी तरह से उनका विरोध कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*