बीजिंग ओलंपिक : सुपर पावर चीन ने अमेरिका को मीलों पीछे छोड़ा
बीजिंग, 15 अगस्त (आईएएनएस)। बीजिंग ओलंपिक के माध्यम से खेलों की दुनिया में एक महाशक्ति के रूप में उभरे मेजबान चीन ने लगातार अपना प्रदर्शन सुधारते हुए अमेरिका को पदक तालिका में काफी पीछे छोड़ दिया है।
चीन कुल स्वर्ण पदकों के मामले में अमेरिका से मीलों आगे निकल चुका है। उसके खाते में 22 स्वर्ण पदक हैं। उसने आठ रजत और पांच कांस्य पदकों के साथ कुल 35 पदक जीते हैं। चीन बीजिंग ओलंपिक के छठे दिन भी चोटी पर बना हुआ है।
दूसरी ओर, अमेरिका ने अब तक 10 स्वर्ण, नौ रजत और 15 कांस्य पदकों सहित कुल 34 पदक जीते हैं। हालांकि कुल पदकों के मामले में वह चीन के काफी करीब है, लेकिन स्वर्ण पदकों की होड़ में चीन उससे एक या दो नहीं बल्कि पूरे 12 कदम आगे है।
एशिया का एक और पावर हाउस दक्षिण कोरिया छह स्वर्ण पदकों सहित कुल 16 पदक लेकर तीसरे स्थान पर है, जबकि इटली ने छह स्वर्ण पदकों सहित कुल 13 पदक लेकर चौथा स्थान कब्जा रखा है। जर्मनी छह स्वर्ण पदकों के साथ कुल 11 पदक लेकर पांचवें स्थान पर है।
एशिया का एक अन्य पावर हाउस जापान पांच स्वर्ण पदकों के साथ कुल 11 पदक लेकर सातवें स्थान पर है। इस तरह चीन, कोरिया और जापान यूरोपीय और अमेरिकी देशों पर भारी पड़ रहे हैं।
अभिनव बिंद्रा के स्वर्ण पदक की बदौलत भारत पदक तालिका में 24वें स्थान पर बना हुआ है। बिंद्रा ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण जीता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**