सुलभ मुख्यालय पर उषा चोमर ने फहराया तिरंगा
नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने लाल किले पर तिरंगा झंडा फहराया, वहीं नई दिल्ली में ही कल तक सिर पर मैला ढोने वाली महिला उषा चोमर ने स्वच्छता के क्षेत्र में प्रमुख गैर सरकारी संगठन 'सुलभ इंटरनेशनल' के दिल्ली स्थित मुख्यालय में तिरंगा फहराया।
राजस्थान के अलवर जिले में सुलभ की सहयोगी संस्था 'नई दिशा' के प्रयास से 56 महिलाओं को मैला ढोने के काम से मुक्ति मिली थी। ये सभी महिलाएं हाल ही में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मॉडलों के साथ रैंप पर चली थीं। इन्हें संयुक्त राष्ट्र में सम्मानित भी किया गया था।
सुलभ के संस्थापक विन्देश्वर पाठक ने चोमर के हाथों तिरंगा फहराए जाने को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि वे महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चल रहे हैं। पाठक ने कहा कि वे सिर पर मैंला ढोने वाली महिलाओं को इस अमानवीय कार्यो से मुक्ति दिलाने का प्रयास कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।