स्कूल बस नदी में गिरी, बच्चों समेत 11 मरे
यह घटना गुरुवार की सुबह तब हुई जब कैकाम्बा स्थित भलमी स्कूल की बस उल्लाइबेट्टू के पास फाल्गुनी नदी में गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुल से गुजर रही बस ने अचानक नियंत्रण खो दिया और बस नदी में जा गिरी। भारी बारिश के चलते फाल्गुनी नदी पहले से ही खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने सात लोगों को बचा लिया, जबकि अब तक 11 शव निकाले जा चुके हैं, जिनमें सात शव बच्चों के हैं। दमकल कर्मी और गोताखोर राहत कार्य में जुटे हुए हैं। घटना की खबर मिलते ही जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं।
बताया जा रहा है कि बस में तीस से अधिक बच्चे व स्कूल के अन्य कर्मचारी सवार थे।
मध्यप्रदेश में भी बस नदी में गिरी
उधर बुधवार शाम मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में यात्रियों से भरी एक बस नदी में गिर गई, जिससे उसमें सवार दो बच्चे और दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। इस घटना में 15 लोग घायल भी हुए हैं।
जबलपुर पुलिस के अनुसार बुधवार शाम को पाटन से जबलपुर जा रही एक निजी बस रौसरा गांव के करीब एक छोटी नदी में गिर गई। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को मेडीकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक गोताखोर नदी में शव व घायलों की खोज में लगे हैं।